
कुल्लू। दस दिन पहले जिस बुजुर्ग की लाश मिली थी उसका कातिल कोई और नहीं उसका अपना बेटा निकला। कराड़सू में एक बेटे ने प्रापर्टी के लिए अपने बाप को ही मौत के घाट उतार दिया। लिहाजा, साजिश का भंडाफोड़ होते ही पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपी को कोर्ट ने 16 तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इस काम को अंजाम देने के लिए अपने दोस्त को भी इस षड्यंत्र में भागीदार बनाया। पुलिस ने इस सह आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के बयानों में असमानता के बाद आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। इतना ही नहीं, मौका ए वारदात पर ले जाकर छिपाकर रखे गए कुल्हाड़ीनुमा हथियार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। हथियार पर मिले खून से आरोपियों के डीएनए का मिलान कराने को इसे फोरेंसिक लैब में भेजा जा रहा है।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि चार सितंबर को कराड़सू पंचायत के (62) भोलाराम पर देर रात कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया था। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायालय ने आरोपियों को 16 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है।
