प्रापर्टी के लिए बनाया फर्जी भाई

ऊना। जिला मुख्यालय के साथ सटी एक ग्राम पंचायत में प्रापर्टी को लेकर एक महिला की ओर से रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसीलदार के समक्ष फर्जी व्यक्ति को भाई बनाकर पेश किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का कारनामा खुलते ही तहसील कार्यालय सहित समूचे गांव में सनसनी फैल गई है। वहीं महिला के असली भाई के वारिसों ने भी इसकी शिकायत तहसीलदार सहित एसडीएम ऊना को सौंप दी है। बताया जा रहा है कि इस कृत्य में तहसीलदार कार्यालय में हर समय उपलब्ध रहने वाले नंबरदारों का भी हाथ है। एसडीएम के निर्देशों पर मामले की छानबीन भी आरंभ हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त महिला अपने भाई के साथ प्रापर्टी ट्रांसफर करवाना चाहती थी, लेकिन इसी बीच महिला के भाई की मौत हो गई। इसके चलते उसने बीच का रास्ता निकालते हुए तहसीलदार कार्यालय में ही फर्जी भाई को खड़ा कर डाला। इसकी बाकायदा फोटो भी रजिस्ट्री के लिए लगाई गई है। इसी के आधार पर तहसील कार्यालय से काम को मुकम्मल कर दिया गया, लेकिन जब मामला महिला के मृतक भाई के परिजनों के समक्ष आया तो उन्हाेंने इसके दस्तावेजों की छानबीन शुरू कर दी। इसके आधार पर उन्हें पता चला कि महिला की ओर से खड़ा किया गया भाई फर्जी है। मृतक भाई के परिजनों ने मामले के संदर्भ में एसडीएम और तहसीलदार ऊना को शिकायत सौंप दी है। उधर, तहसीलदार सुरेश शर्मा ने बताया कि इस मामले की छानबीन की जा रही है। तमाम दस्तावेजों की जांच करने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts