प्राचार्य ने जूस पिलाकर तुड़वाई हड़ताल

ऊना। राजकीय महाविद्यालय में रूसा एवं अन्य समस्याओं के विरोध में चल रही एबीवीपी की भूख हड़ताल को प्राचार्य डा. एसके चावला ने जूस पिलाकर समाप्त करवाया। इकाई सचिव विकास के नेतृत्व में रजत कुमार, आदित्य पराशर, विकास बंटी, अमित खन्ना, अमनदीप, शबनम, रंजनदीप, दीक्षा, तेजस्वी उपमन्यु आदि करीब एक दर्जन कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे। एबीवीपी के इकाई सचिव विकास ने कहा कि एबीवीपी की ओर से पूरे प्रदेश में कालेजों में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान एवं सेमेस्टर सिस्टम के विरोध में सांकेतिक भूख हड़ताल की जा रही है तथा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी की यह सांकेतिक भूख हड़ताल है। जो कि मात्र 24 घंटे तक चली, लेकिन यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो एबीवीपी के कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी बैठ सकते हैं। उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन सरकार के दबाव में आकर नियमों को दरकिनार कर रहा है। उन्होंने कहा कि विवि ने स्वार्थ के चलते छात्रों पर रूसा को थोप दिया है, जिससे छात्रों सहित प्राध्यापकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विवि ने रूसा को लागू कर शिक्षा के निजीकरण एवं व्यापारीकरण को बढ़ावा दे रहा है, जिसका जोर शोर से विरोध किया जाएगा।

Related posts