
बैजनाथ/धर्मशाला(आत्मा राम)बैजनाथ पुलिस ने वीरवार को जेवीएस स्कूल महाकाल में दोपहर बाद फिर दस्तक दी। डीएसपी पुनीत रघु और आईओ थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने पेपर आउट प्रकरण के चौथे दिन गहन पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों ने स्कूल के समस्त दस्तावेजों और नौवीं, जमा एक के हो चुके पेपरों की जांच की। इस दौरान स्कूल स्टाफ और मान्यता आदि से संबंधित समस्त दस्तावेज कब्जे में ले लिए गए। पुलिस मामले में समस्त दस्तावेजों और साक्ष्यों को जुटाने के बाद ही न्यायालय की शरण में जाने के पक्ष में है। क्रॉस चेकिंग के बाद तथ्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वीरवार को पुलिस ने किसी भी छात्र और अध्यापक के बयान नहीं लिए हैं। बुधवार को पुलिस ने स्कूल में तैनात अध्यापकों से उनकी जिम्मेदारियों से संबंधित सवाल पूछे।
वहीं, स्कूल के सीसीटीवी कैमरों के डाटा जांच के बाद फोरेंसिक लैब के लिए भेजने की तैयारी पुलिस कर रही है। सूत्रों की मानें तो आगामी एक दो दिन में पुलिस मामले में जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई कर सकती है। एक बात साफ है कि नाबालिग छात्रों पर पुलिस कार्रवाई करने से परहेज करेगी और मामले में अन्य आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई हो सकती है। वहीं, दस्तावेजी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद पुलिस का मुख्य फोकस आउट हुए पेपरों की सीमा का पता लगाना होगा कि प्रदेश में कहां-कहां ये पेपर पहुंचे हैं। डीएसपी पुनीत रघु ने बताया कि पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है। जल्द ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज पर सवाल
लोग सवाल उठा रहे हैं कि सीसीटीवी कैमरों में क्या तकनीकी खराबी हो सकती है। अगर सीसीटीवी कैमरे चल रहे थे तो फुटेज दिखनी चाहिए थी। अगर कैमरे खराब थे तो फुटेज बनी ही नहीं होगी। तकनीकी खराबी का हवाला समझ से परे है। सीसीटीवी फुटेज केस में अहम साक्ष्य साबित हो सकती है।
पुलिस रिपोर्ट करेगी पेपर रद्द करने पर निर्णय
जमा एक के पेपर आउट मामले में अब तक पुलिस जांच पूरी न होने के कारण रद्द होने वाले पेपरों पर भी संशय की स्थिति बनी हुई है। शिक्षा बोर्ड ने शिक्षा विभाग की रिपोर्ट पर जमा एक कक्षा के दो पेपरों फिजिक्स और आईपी के पेपरों को तो रद्द कर दिया था, लेकिन आउट हुए 14 मार्च के केमिस्ट्री और 21 मार्च के गणित पेपर के संबंध में स्थिति स्पष्ट न होने के कारण अब तक संशय की स्थिति बनी हुई है। सूत्रों की मानें तो शिक्षा बोर्ड और शिक्षा विभाग पुलिस की अंतिम रिपोर्ट के इंतजार में हैं। आगामी एक दो दिन में पुलिस की रिपोर्ट आने के बाद केमिस्ट्री और गणित के पेपर पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन दो पेपरों के आउट होने संबंधी पुख्ता सुबूत नहीं मिल सके हैं। वहीं, अधिकांश अध्यापक आउट हो चुके केमिस्ट्री और गणित के पेपर को रद्द किए जाने के पक्ष में नजर आ रहे हैं। जिला उपनिदेशक उच्च शिक्षा देसराज का कहना है कि केमिस्ट्री और गणित के पेपर रद्द होंगे या नहीं, इसका निर्णय जांच रिपोर्ट के बाद ही लिया जा सकता है। फिलहाल अभी इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
