प्रशिक्षित दाइयों को भी दिया जाए तृतीय कैडर

कुल्लू। जिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ कुल्लू ने आयुर्वेदिक एवं स्वास्थ्य तथा कल्याण विभाग के कर्मचारियों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है। महासंघ के जिला अध्यक्ष अमर ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पत्र भेजकर नियमित प्रशिक्षित दाईयों को तृतीय श्रेणी के कैडर में शामिल करने, वरिष्ठता के आधार पर दसवीं तथा जमा दो पास प्रशिक्षित दाइयों को एएनएम फीमेल वर्कर नर्स और समकक्ष अन्य पदों पर पदोन्नति देने की मांग की है। इसके साथ प्रशिक्षित दाईयों को एएनएम नर्स आदि की ट्रेनिंग के लिए 25 प्रतिशत अथवा कोटा निर्धारित करते हुए प्रावधान करवाने का आग्रह किया है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की आयु 58 साल से 60 साल करने, 20 साल की नौकरी करने पर स्पेशल इंक्रीमेंट देने की मांग की है। अमर ठाकुर ने कहा कि जिला कुल्लू स्वास्थ्य विभाग में कई दाइयों को 20 साल हो गए हैं, ऐसे में उन्हें भी स्पेशल इंक्रीमेंट लगाई जाए। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के हितों के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की मांग को सरकार के समक्ष समय-समय पर रखा जाएगा।

Related posts