
कुल्लू। लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में 18 अगस्त से दो दिवसीय चैहणी फोर्ट उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव में प्रशंसनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में छह बार कार रैली के विजेता रहे सुरेण राणा, कराटे के क्षेत्र में सैनसाई निहाल, ट्रैफिक पुलिस में बेहतरीन सेवा देने पर हरबंस सिंह और झीड़ी बस हादसे में लोगों की जान बचाने वाले लोगों को पुरस्कार मिलेगा।
चैहणी फोर्ट संस्था के अध्यक्ष राकेश वैद्य ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ एपीएमसी के अध्यक्ष यूपेंद्रकांत मिश्रा करेंगे। उत्सव में शतरंज और डांस प्रतियोगिता होगी। कार्यक्रम में जिला कुल्लू के प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। चेस प्रतियोगिता में अंडर 15, अंडर 25 और सीनियर वर्ग शामिल रहेगा। सिंगल ग्रुप डांस प्रतियोगिता भी होगी। विजेताओं को नगद इनाम और ट्राफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर संस्था के केआर कौंडल, केके ठाकुर, संजीव भारद्वाज, महेश वैद्य और रविंद्र ठाकुर मौजूद रहे।
ढालपुर में ओटो यूनियन ने बांटी खीर
कुल्लू। श्रावण महीने में भोले शंकर के भक्त हर जगह भंडारे लगाए रहे हैं। मंगलवार को कुल्लू शहर के ढालपुर में ओटो यूनियन की ओर से लोगों को खीर बांटी गई। ओटो यूनियन के प्रधान अमरी ठाकुर ने बताया कि ओटो यूनियन की ओर से हर वर्ष श्रावण माह में लोगों को खीर बांटी जाती है। इस साल मंगलवार 6 अगस्त को ओटो यूनियन की ओर से ढालपुर में लोगों को खीर बांटी गई। इस दौरान ओटो यूनियन के उप प्रधान राजू, महासचिव संजय कपूर, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह, मनोज कश्पय, संजय शर्मा, हेम सिंह मियां समेत सभी सदस्यों ने भाग लिया।
