प्रवक्ताओं ने की मांगों पर चर्चा

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन की बैठक में प्रवक्ताओं की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रवक्ताओं ने प्रदेश सरकार से मांगों पर विचार करने का आग्रह किया।
बैठक का आयोजन जिला प्रधान संजीव ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। सदस्यों ने स्कूल प्रवक्ताओं को 4-9-14 का वित्तीय लाभ मिलने में हो रही देरी पर रोष जताया। ठाकुर ने बताया कि 4-9-14 की अधिसूचना अगस्त 2012 को हुई थी, लेकिन एक वर्ष बाद भी संबंधित विभाग सुस्त रवैया अपनाए बैठा है। प्रवक्ताओं को इसका लाभ एक वर्ष बाद भी नहीं मिल पाया है।
हमीरपुर में उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में अनुभाग अधिकारी का पद रिक्त चल रहा है। संघ ने सरकार से रिक्त पद को भरने की मांग की। बैठक में यह भी चर्चा की गई कि वर्तमान में प्रदेश में 15 हजार प्रवक्ता हैं और केवल 848 पद हेडमास्टर के हैं। वर्तमान में भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में प्रधानाचार्य पद की पदोन्नति को स्कूल प्रवक्ता और हेडमास्टर दो फीडिंग कैडर हैं। संघ ने सरकार से मांग की कि प्रधानाचार्य पदोन्नति के लिए संख्या के आधार पर कोटा निर्धारित किया जाए। संघ ने मांग की कि पैरा प्रवक्ताओं की नियमितिकरण की अवधि को 8 वर्ष किया जाए। जो आठ वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं उन्हें नियमित किया जाए। स्कूल प्रवक्ताओं का पदनाम पीजीटी की बजाय प्रवक्ता ही रहने दिया जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 अगस्त को स्कूल प्रवक्ता संघ की हमीरपुर इकाई की बैठक बाल स्कूल हमीरपुर में होगी। बैठक में राज्य उपाध्यक्ष प्रकाश चंद, संजीव चौहान, नरेश, अश्वनी शर्मा, पवन, जितेंद्र, विजय, शिशुपाल, देवेंद्र, संजीव शर्मा, नरेश, रविकांत, अरुण, प्रबोध आदि मौजूद रहे।

Related posts