प्रधान पर कार्रवाई नहीं की, तो इस्तीफा

चंबा।(गीता) ग्राम पंचायत राजनगर के वार्ड मेंबर पंचायत उप प्रधान लेख राज की अगुवाई में उपायुक्त संदीप कदम से मिले। इस दौरान उपायुक्त को बताया कि उन्होेंने स्थानीय पंचायत प्रधान के खिलाफ निर्माण कार्य में हो रही अनियमितताओं के लिए कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि इस कार्य की जांच की जाए व पंचायत प्रधान के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। ऐसा न होने पर वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधान के खिलाफ विकास खंड कार्यालय में लिखित सूचना दी है। पंचायत प्रधान ने बीआरजीएफ के तहत सार्वजनिक शौचालय निर्माण में ढुलाई का कार्य करवाया है। इस कार्य में अनियमितताएं पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधान ने शौचालय निर्माण के लिए 40 बेग सीमेंट खरीदा था। इसका सात माह बाद भी कोई प्रयोग नहीं किया गया है। शौचालय निर्माण के लिए केवल गड्ढा खोदा गया है। इससे आगे काम नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने कहा कि पंचायत की बैठक में मस्टरोल में 13 हजार रुपये का कार्य प्रस्तुत किया गया है, जो संदेहजनक लगता है। इसके अलावा जिस जगह पर शौचालय का निर्माण किया जा रहा है, वहां शौचालय की कोई जरूरत नहीं है। पंचायत प्रधान ने मनमर्जी से जगह का चयन किया है।उपायुक्त संदीप कदम ने जल्द उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान वार्ड मेंबर बबीता कुमारी, अंजना कुमारी, अंजु देवी व पवन कुमार मौजूद रहे।

Related posts