
हरोली (ऊना)। जमीनी विवाद को लेकर हरोली क्षेत्र के एक पंचायत प्रधान ने 93 वर्ष की बुजुर्ग को बेरहमी से पीट दिया। 93 वर्षीय रतनी देवी पत्नी परमानंद के मुंह पर प्रधान ने घूंसा मारकर जख्मी कर दिया। रतनी देवी मौके पर ही बेहोश हो गई। रतनी देवी को उनके परिजनों ने हरोली थाने में पहुंचाया। जहां पर वे सहमी हुई थी। अपने मुंह तथा आंख पर बने जख्म दिखा रही थी, पर कुछ बोलने की हालत में नहीं थी।
रतनी देवी के पुत्र कैप्टन तोता राम ने बताया कि जमीनी विवाद चला हुआ है। उन्हाेंने कुछ रोज पहले ही थाना हरोली में शिकायत की थी कि उनके कुछ पड़ोसी उस जगह पर निर्माण कार्य करने की कोशिश कर रहे हैं। तोता राम ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भी दबाव के चलते कार्य किया है। उन्हें शिकायत करने के बाद यह बताया गया कि उक्त स्थान पर कोई भी निर्माण नहीं हो रहा है।, परंतु आज भी निर्माण कार्य चल रहा है। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि बुजुर्ग महिला को पीटने की घटना हुई है। मामले की बारीकी से छानबीन की जाएगी।
