प्रदेश में मिली हार से बौखलाई भाजपा

सोलन। एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सूर्या ने कहा कि सूबे में एनएसयूआई की जीत और एबीवीपी की शिकस्त से भाजपा बौखला गई है। इसका उदाहरण सांसद वीरेंद्र कश्यप का छात्र राजनीति में कूदकर अनापशनाप बयानबाजी करके भाजपा के ही नियमों की धज्जियां उड़ाना है। वहीं उन्होंने एसपी सोलन डा. रमेश छाजटा पर एनएसयूआई संगठन से जुड़े होने के आरोपों का पुरजोर खंडन किया है। वह सोलन में पत्रकारों के साथ बातचीत में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि एबीवीपी और भाजपा सरकार एसपी के खिलाफ पहले भी आरोप लगा चुकी हैं ताकि भाजपा सरकार के समय डा. राजीव बिंदल द्वारा किए गए घोटाला को दबाया जा सके। वहीं एबीवीपी डींगें हांकती है कि वह संघ विचारधारा से जुड़े हैं। भाजपा इससे दूर रहती है। अब यदि ऐसा है तो भाजपा के दिग्गज नेता छात्र संघ चुनावों को लेकर ब्यान बाजी क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोलन में हार एबीवीपी और एसएफआई के गठबंधन से हुई है। दोनों ने आपस में मिलकर चुनाव लड़े हैं, जिससे एनएसयूआई की हार हुई है।
वहीं सोलन विधानसभा क्षेत्र के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमित ठाकुर ने चुनाव के दौरान हुए पथराव के लिए एबीवीपी को जिम्मेवार ठहराया। उन्होंने कहा कि एससीए चुनाव परिणाम से पहले कालेज में लड़ाई का कोई माहौल नहीं था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जब एनएसयूआई कार्यकर्ता अपनी हार का दुख मना रहे थे तो एबीवीपी कार्यकर्ता ने कालेज गेट पर चढ़ कर एनएसयूआई के बैनर को तोड़ा। इससे कार्यकर्ता भड़के वहीं कालेज की सामने वाली बिल्डिंग पर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बडे़ बडे़ पत्थरों से पथराव किया जिससे एनएसयूआई की लड़कियों को भी चोटें आई। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाला।
इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष छत्र सिंह ठाकुर, पूर्व एससीए अध्यक्ष मनीष भगनाल, मनोनित पार्षद राजीव कौड़ा के अलावा विकास कालटा, अंकित डोगरा, रोहित शर्र्मा, अलोम, अंबिका, यादव, विजेंद्र, अनिल राणा, विक्की, वीरू, जितेंद्र, अंकित अरोड़ा मौजूद रहे।

Related posts