
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। पूर्व मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडेय ने लोकसभा चुनाव में हिमाचल में भाजपा के चारों सीटों पर चुनाव जीतने का दावा किया है। उन्होंने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से मंडी संसदीय सीट के भाजपा प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा को जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने-अपने बूथ मजबूत करने को कहा है। इसके लिए मारकंडेय ने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को कुछ जिम्मेवारियां भी सौंपी।
उन्होेंने कहा कि लाहौल-स्पीति जिला में जनजीवन अभी भी पटरी पर नहीं लौटा है लिहाजा, यहां के एक-एक मतदाताओं तक पहुंचने में पार्टी के हर एक कार्यकर्ताओं को अपने प्रत्याशी के जीत सुनिश्चित करने के लिए काफी मेहनत करनी होगी। शुक्रवार को जाहलमा में पूर्व मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडेय ने भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी बैठक की। इस मौके पर नालडा, जसरथ, जुंडा ,जाहलमा, गोहरमा, फू ड़ा, शांशा और जोवरंग सहित कई गांवों से आए भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स दिए गए।
