प्याज कीमतों पर पीएम करें हस्तक्षेप : शांता

पालमपुर (कांगड़ा)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सदस्य शांता कुमार ने लगातार प्याज मूल्यों में हो रही बढ़ोतरी को लेकर एक पत्र प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखा है। इसमें उन्होने प्रधानमंत्री से स्वयं हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि प्याज के मूल्यों पर वृद्धि को रोकने के लिए निर्यात पर अतिशीघ्र प्रतिबंध लगाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री को प्रेषित पत्र में उन्होंने कहा कि प्याज के बढ़ते मूल्यों का लाभ किसानों को नही, बल्कि सरमाएदारों और बिचौलियों को हो रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासन काल में जब वे खाद्य मंत्री थे तब भी एक बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई थी, लेकिन स्थिति से निपटने के लिए उन्होंने सबसे पहले प्याज के निर्यात पर रोक लगा दी थी। इसके साथ ही प्रदेशों को जमाखोरी रोकने के निर्देश दिए गये थे। सरकार ने प्याज आयात करने का निर्णय लिया। घीरे-धीरे प्याज भंडारों से बाहर आने लगा।

Related posts