पोप को सुनने जमा हुए 30 लाख लोग

लंदन: ब्राजील के रियो डी जनेरियो शहर में पोप फ्रांसिस को सुनने के लिए कोपाकाबाना तट पर करीब 30 लाख लोग एकत्र हुए। अपने संबोधन में पोप ने लोगों से ‘अंशकालिक’ ईसाई बनने के बजाय पूर्ण व सार्थक जीवन जीने की अपील की। रोमन कैथोलिक चर्च के प्रमुख के रूप में अपनी पहली विदेश यात्रा के दौरान पोप फ्रांसिस ने कैथोलिक विश्व युवा दिवस में भी हिस्सा लिया।

चार किलोमीटर लंबे समुद्र तट पर एक अस्थाई चर्च का निर्माण भी किया गया। यहां लोगों को संबोधित करते हुए पोप ने ब्राजील में भ्रष्टाचार, खराब सार्वजनिक सेवा तथा वर्ष 2014 में प्रस्ताविक विश्व कप जैसे खर्चीले आयोजनों के खिलाफ एक माह से अधिक समय तक चले प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘प्रदर्शन में शामिल युवा खुद बदलाव करना चाहते हैं। कृपया दूसरों को बदलाव करने का मौका न दें।

दुनिया के विभिन्न हिस्सों में व्याप्त सामाजिक एवं राजनीतिक चिंताओं के प्रति उदासीन न रहें, बल्कि एक सच्चे ईसाई के रूप में इन्हें दूर करने की कोशिश करें।’ पोप के संबोधन को सुनने के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। इससे पहले शनिवार को रियो के प्रधान गिरिजाघर में 1,000 बिशपों तथा पादरियों को संबोधित करते हुए पोप ने उन्हें गरीबों की बस्ती में जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा, ‘ऐसे वक्त में जबकि बहुत से लोग धार्मिक उपदेशों का इंतजार कर रहे हैं, हम अपने घरों में बंद नहीं रह सकते।’

Related posts