पैट को दोबारा प्रशिक्षण करवाने का विरोध

कुल्लू। प्राथमिक सहायक अध्यापक संघ शिक्षा खंड कुल्लू-1 ने बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता खंड प्रधान हरमेश लाल ने की। इसमें सर्वसम्मति से ईजीएस, जीवीयू का प्रशिक्षण करवाने पर सरकार का धन्यवाद किया गया। इसके साथ ही प्राथमिक सहायक अध्यापकों के दोबारा किए जा रहे प्रशिक्षण का विरोध किया है। पहले किए गए प्रशिक्षण को अमान्य करार देते हुए पुन: प्रशिक्षण करवाने के लिए संघ ने रोष प्रकट किया है। प्रधान हरमेश लाल ने कहा कि संघ ने सरकार से इस फैसले पर सहानुभूति से विचार करते हुए पुन: प्रशिक्षण को रद करने की मांग की है। इसके अलावा संघ का कहना है कि अगर प्रशिक्षण करवाना जरूरी है तो छह हजार रुपये की अधिक राशि को कम किया जाए और सिर्फ छह मास का प्रशिक्षण दिया जाए। जिन अध्यापकों की बारहवीं में अंक प्रतिशतता कम है, उन्हें भी प्रशिक्षण दिलाया जाए और अध्यापकों को कम से कम तीन मौके निर्धारित अंक प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए दिए जाने का आग्रह किया है। वहीं, संघ ने बीपीएड और एमपीएड अध्यापकों को बीएड की तर्ज पर लाभ देने की सरकार से मांग की है। बैठक में संघ महासचिव ओेंकार शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान विवेक शर्मा, कोषाध्यक्ष हेमराज ठाकुर, सह सचिव प्रेम महंत, लेखाकार ईशर दास, उपाध्यक्ष यमुना देवी, प्रोमिला ठाकुर, सलाहकार ज्ञान चंद, प्रेस सचिव समरू राम सहित संघ के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Related posts