
बंगाणा (ऊना)। प्रोइयां पंचायत में पेयजल को लेकर विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया गया है। वीरवार को लोगों ने विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर रोष जताया। लोगों का आरोप है कि गांव में पिछले तीन माह से पेयजल सप्लाई ठप चल रही है। इसके चलते लोगों को पेयजल के दर-दर की ठोकरे खाने को मजबूर होना पड़ रहा है। पंचायत के लोगों ने आईपीएच विभाग के प्रति गहरा रोष प्रकट किया।
लोगों ने बताया कि विभाग को बार-बार शिकायत करने के बाबजूद भी इस समस्या का कोई हल नहीं निकला। स्थानीय निवासी अमरनाथ, प्रकाश चंद, डा. अशोक कुमार, शमशेर सिंह, कर्मदीन, शम्मी मोहम्मद, संजीव कुमार, रवि शर्मा, रमेश चंद, राज कुमार, परमजीत सिंह, गरीब दास, जगदीश चंद, योगराज, सुखदेव सिंह, काकू, श्याम कुमार व ओंकार सिंह का कहना है कि यदि एक हफ्ते के भीतर प्रोइयां पंचायत की जनता को पीने की पानी से निजात नहीं दिलाई गई तो आईपीएच विभाग के प्रति पंचायत की समस्त जनता आंदोलन करेगी। आईपीएच विभाग मंडल ऊना के एक्सईएन हरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि प्रोइयां की जनता को इस समस्या से अति शीघ्र निजात दिलाने के लिए एसडीओ बंगाणा गणेश दत्त शर्मा को आदेश दे दिए गए हैं।
