
संतोषगढ़ (ऊना)। एसवीएसडी कालेज भटोली में पेपर रीडिंग एवं ज्ञान-विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें लगभग आधा दर्जन टीमों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में तीन-तीन छात्र शामिल हुए। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कालेज प्राचार्य केके शर्मा ने कहा कि इस प्रतियोगिता के जरिए छात्रों के ज्ञान में बढ़ोतरी के साथ-साथ नई जानकारियां भी मिलती हैं। उन्होंने छात्रों से प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में कालेज की कला संकाय के छात्रों नीना, भारती एवं रजत की टीम ने 105 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि विज्ञान संकाय के छात्रों अनुभव, सतवीर, केशव की टीम 88 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रही। बीबीए के प्रतिभागियों में शामिल योगेश, कर्ण, ओमशरण की टीम ने 85 अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया। पेपर रीडिंग में शामिल 14 प्रतिभागियों में से कालेज की छात्रा अंकिता गुप्ता ने प्रथम, आशुतोष ने द्वितीय एवं गुरमीत कौर ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर प्राध्यापक पीके मदान, नरेश बाला, दीपलता, केके प्रभाकर, सीमा गुप्ता, अर्पणा शर्मा, कालेज अधीक्षक अनिल शर्मा व इंद्रजीत सहित दूसरे प्राध्यापक भी मौजूद थे।
