
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मंगलवार देर रात को एक आल्टो कार पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में देहरादून निवासी दंपति घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला ने देहरादून अस्पताल में दम तोड़ दिया। एनएच-72 मार्ग पर सूरजपुर के समीप हादसा हुआ। स्थानीय पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मंगलवार रात करीब पौने 12 बजे एक आल्टो कार यूके 07एए 6802 अंबाला से देहरादून जा रही थी। आल्टो कार को देहरादून थाना पटेलनगर के पार्क रोड़ निवासी तेजेंद्र सिंह (47) चला रहेे थे। कार में उनकी पत्नी इंद्रजीत कौर (42) भी सवार थी। राष्ट्रीय राजमार्ग-72 देहरादून- पांवटा पर सूरजपुर के समीप चालक ने वाहन से अचानक अपना नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन सड़क के साथ लगते पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में तेजेंद्र सिंह एवं इंद्रजीत कौर घायल हो गए। दोनों को पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। कार चालक की हालत ठीक बताई जा रही है। जबकि, गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत कौर को पांवटा से प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून सिनर्जी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में घायल महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही देर रात को मुख्य आरक्षी राम सिंह टीम समेत मौके पर पहुंचे। इस मामले की पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है।
उधर, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सूरजपुर के समीप हादसा हुआ है जिसमें गंभीर रुप से घायल देहरादून के थाना पटेलनगर पार्क रोड़, मकान नंबर 39/11 निवासी महिला इंद्रजीत कौर (42) की देहरादून अस्पताल में मौत हो गई। मृतक महिला के पति आल्टो कार के चालक तेजेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
