पेड़ से झूलता मिला युवक का शव

टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के गांव बाथड़ी में एक युवक ने खाली मकान के परिसर में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक करीब एक हफ्ते से घर से लापता था। हरोली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। जबकि घ्मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि युवक ने खुद इस स्थान पर आकर आत्महत्या की या उसे यहां लाकर मारा गया है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
हरोली पुलिस के अनुसार मृतक युवक की शिनाख्त 25 वर्षीय नीलम कुमार के रूप में हुई है, जो बाथड़ी गांव का ही रहने वाला था। हरोली पुलिस थाना के एडिशनल एसएचओ हरीश गुलेरिया ने बताया कि युवक 19 अक्तूबर से घर से लापता था। इस संदर्भ में परिजनों ने पुलिस को शिकायत दे रखी थी। उन्होंने बताया कि रविवार को बाथड़ी के जंगल में स्थित एक खाली मकान के आंगन में पेड़ से रस्सी से लटका हुआ शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। उन्होंने बताया कि शव की हालत काफ ी खराब हो चुकी है। अनुमान है कि युवक ने 5 से 6 दिन पूर्व फंदा लगाकर आत्महत्या की है।

Related posts