पेड़ गिरने से टूटा बिजली का खंभा

संतोषगढ़ (ऊना)। संतोषगढ़-नंगल मार्ग पर शुक्रवार को बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान से सफेदे का पेड़ गिरने से विद्युत पोल टूट गया। इससे संतोषगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। वहीं, लगभग दो घटे तक यातायात भी प्रभावित रहा। रोड बाधित रहने से बड़े वाहन चालकों को संपर्क मार्गों का सहारा लेना पड़ा। इससे विद्युत बोर्ड को भी भारी नुकसान हुआ है। विद्युत सप्लाई बाधित होने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत लाइन सड़क पर गिरने से सड़क पर चल रहे लोग एवं वाहन चालक एकदम घबरा गए। सूचना मिलते ही विद्युत बोर्ड के कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर विद्युत लाइनों की सप्लाई बंद की। उधर, संतोषगढ़ विद्युत बोर्ड के एसडीओ मोहन लाल भारद्वाज ने बताया कि विद्युत पोल पर पेड़ गिर गया था। इससे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई थी, लेकिन कर्मियों ने ठीक कर दिया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड को हजारों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा।

Related posts