
बंगाणा/लठियाणी(ऊना)। क्षेत्र की जसाणा पंचायत के गांव सरकुटला में एक व्यक्ति के ऊपर भीमकाय पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र रोशन लाल निवासी सरकुटला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है, जबकि मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बाद महेंद्र सिंह पुत्र रोशन लाल गांव सरकुटला एक ठेकेदार की ओर से खरीदे गए पेड़ों को काट रहा था। इस दौरान अचानक जोर की आंधी आई और पेड़ विपरीत दिशा में गिर गया और महेंद्र सिंह इसकी जद में आया। इसके तुरंत देर बाद उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी बंगाणा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित आठ वर्षीय बेटा तथा दस वर्षीया बेटी को छोड़ गया है। महेंद्र सिंह की अचानक मौत से गांव सरकुटला में सन्नाटा पसर गया है। उधर, बंगाणा थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि मामले के संदर्भ में आईपीसी की धारा
336, 304ए के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर
दी है।
शोक जताया
लठियाणी (ऊना)। क्षेत्र के गांव सरकुटला में पेड़ की चपेट में आने से महेंद्र सिंह की अचानक मृत्यु पर विधायक वीरेंद्र कंवर, दवेंद्र भुट्टो, सदर्शन शर्मा, चरणजीत शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष रामदास मलांगड़, रविंद्र फौजी, बीडीसी रणवीर राणा, धर्मेंद्र पटियाल समेत समस्त बीडीसी एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
