
इस्लामाबाद: पाकिस्तान से सउदी अरब की उड़ान भरने के ठीक पहले एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर पुलिस ने उसे रोक लिया और उसे जांच के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में एक्स रे के दौरान पता चला कि वह व्यक्ति अपने पेट में हेरोइन के 96 कैप्सूल छुपाकर ले जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि कल इस्लामाबाद के बेनजीर भुट्टो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शाहीवाल जिले के चिचावतनी के निवासी नाजिर अहमद को संदेह होने पर पूछताछ के लिए रोका गया। नाजिर के जवाब से असंतुष्ट सुरक्षाकर्मियों ने जांच के लिए उसे अस्पताल भेज दिया। जांच में पता चला कि वह हेरोइन की तस्करी कर रहा था। डाक्टरों ने उसके पेट से सभी 96 कैप्सूल निकाल लिए हैं। वह पाकिस्तान से सऊदी अरब में जेद्दा जा रहा था।
