
पिथौरागढ़। आप बाइक से जा रहे हैं और हमेशा की तरह आपके सिर पर हेलमेट नहीं लगा है, अचानक आपकी बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया है, ऐसे में कृपा कर पेट्रोल पंप तक जाने की जहमत न उठाएं। आपको वहां से खाली हाथ लौटना पड़ेगा। जिला पुलिस ने सभी पंप मालिकों को इस आशय की जानकारी दे दी है और हर पेट्रोल पंप पर बाकायदा सूचना चस्पा कर दी है कि बिना हेलमेट वालों को पेट्रोल नहीं मिलेगा।
पुलिस महानिदेशक के आदेश का पुलिस अधीक्षक वीकेएस कार्की ने कड़ाई से पालन शुरू कर दिया है। पेट्रोल पंप मालिक भी अब कोई रिस्क लेने की स्थिति में नहीं हैं। बिना हेलमेट वालों को पंप से खाली हाथ लौटा दिया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि कम से कम पेट्रोल भराने के बहाने लोगों को हेलमेट पहनने की आदत पड़ जाएगी।
यहां बता दें कि पुलिस महानिदेशक का आदेश आने के बाद भी कई दिनों तक यहां बिना हेलमेट वालों को पेट्रोल मिल रहा था। अमर उजाला में खबर छपने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और सख्ती दिखाते हुए इसका पालन शुरू करवा दिया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि महानिदेशक के आदेश का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। आज भी पंपों से कई बाइक सवारों को खाली हाथ लौटना पड़ा क्योंकि उनके सिर पर हेलमेट नहीं था।
