पेंशनरों को जारी करे डीए किस्त

कुल्लू। सिविल वेलफेयर पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में पेंशनरों को डीए किस्त जल्द जारी करने की मांग की गई। शिव मंदिर भुंतर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान पुरुषोत्तम शर्मा ने की। बैठक में पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों ने भारी संख्या में भाग लिया। इस मौके पर पेंशनरों के भिन्न-भिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान पेंशनरों ने उत्तराखंड और किन्नौर में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए 11 हजार रुपये की राहत राशि भी एकत्रित की। इसके अलावा पेंशनरों ने सरकार से मांग की है कि डीए की जो किस्त केंद्र सरकार ने 1-1-2013 से कर्मचारियों को दी है वह प्रदेश सरकार ने भी अपने कर्मचारियों को जारी करे। संघ के महासचिव अमर सिंह परमार ने कहा कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द डीएम की किस्त को जारी किया जाए। पेंशनरों ने बकाया मेडिकल बिलों का भुगतान एक महीने के भीतर करने की मांग भी प्रदेश सरकार से की। साथ ही 70 वर्ष से ऊपर के पेंशनरों को 10 से 15 फीसदी बढ़ोतरी देने का आग्रह भी किया।
बैठक में जिला महामंत्री डा. हीरा लाल, कुल्लू खंड के प्रधान हेमराज, नग्गर खंड के फतेह चंद, उपप्रधान एचएस पाल, महामंत्री अमर सिंह परमार, कोषाध्यक्ष हरीश कौशल, सदस्य आरएस राठौर और सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर गोपू चौहान ने विशेष रूप से भाग लिया।

Related posts