
कुल्लू। हिमाचल पेंशनर्स कल्याण संघ कुल्लू खंड की बैठक में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से पेंशनरों के लंबित पड़े मेडिकल बिलों का जल्द भुगतान करने का आग्रह किया गया। टीचर होम सरवरी में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान जेएन शर्मा ने की। बैठक में पेंशनरों ने लंबित पड़ी मांगों पर चर्चा की।
संघ के जिला प्रेस सचिव दर्शन सिंह ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री से मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए धनराशि की मांग की है। परिवहन मंत्री से रेपर लेने की प्रथा को बंद करने और कुल्लू में दो मुद्रिका बस चलाने का भी आग्रह किया गया। बैठक में स्टेट कार्यकारिणी के चुनाव की तिथि 24 सितंबर रखी है। स्टेट चुनाव प्रभारी प्रेम सिंह से आग्रह किया कि बैठक को 19 सितंबर को मंडी में रखा जाए। इसके अलावा परिवहन मंत्री ने दस करोड़ रुपये के ओवर टाइम बिलों और पेंशन की स्वीकृति पर आभार भी जताया। इस मौके पर जिला महासचिव प्रेमचंद, महासचिव हेमा शर्मा, प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर, जिला संगठन सचिव नौमी राम, प्रदेश सचिव अशोक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान गोयल और मनसा राम ठाकुर मौजूद रहे।
स्वयंसेवियों ने दूर की जनसमस्याएं
कुल्लू। राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सामुदायिक सेवा समिति महाविद्यालय कुल्लू के सौजन्य से स्वयंसेवियों ने सरवरी स्थित झुग्गी झोंपड़ियों का सर्वेक्षण किया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने बिजली, पानी, खाद्य और स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं को सुना। इसके अलावा नशे की समस्या, आधारकार्ड और पहचानपत्र के साथ शैक्षणिक तथा आर्थिक सर्वेक्षण किया। यह सर्वेक्षण राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. देविका वैद्य, प्रो. रमेश कटारिया और सामुदायिक सेवा समिति के सदस्य प्रो. नरेश कमल, डा. नेक राम और डा. रतनेश ने करवाया।
