
ऊना। ऊना मे जुटे पूर्व सैनिकों ने एक आवाज में केंद्र और प्रदेश सरकार से लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई है। रविवार को इंडियन एक्स सर्विसेज लीग की बैठक चेयरमैन जय सिंह की अध्यक्षता में हुई। जबकि कर्नल कुलदीप सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। लीग ने समान रैंक, समान पेंशन, सीएसडी डिपो ऊना में खोलने, ईसीएचएस सैनिक अस्पताल करलूही में खोलने सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया। लीग ने मांग की है कि सरकारी नौकरियों में पूर्व सैनिकों का 15 फीसदी कोटा भरा जाए।
इसके अलावा कैंटीन में पूर्व सैनिकों को उपलब्ध करवाई जाने वाली वस्तुओं पर से वैट हटाया जाए। पूर्व सैनिकों को एंट्री टैक्स से भी मुक्त किया जाए। मैहतपुर स्थित अमर शहीद कैप्टन अमोल कालिया द्वार का सुचारु रखरखाव करते हुए उसकी हालत में सुधार किया जाए। जबकि कैंटीन में कारतूसों का भी प्रावधान किया जाना चाहिए। वहीं ईसीएच से संबंधित शिकायतों का कर्नल एफएस देहल ने मौके पर ही निपटारा किया। सभी सदस्यों ने हाल ही में दौलतपुर चौक में गठित की गई लीग की नई इकाई की कड़े शब्दों में निंदा भी की है। वहीं लीग के जिलाध्यक्ष जय सिंह ने बताया कि कलरूही में ईसीएचएस और दुलैहड़, बंगाणा में कैंटीन के एक्सटेंशन काउंटर खुलवाले की प्रक्रिया चल रही है। जबकि लीग के कार्यालय के लिए भी उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने तुरंत मंजूरी दे दी है।
इस मौके पर लीग के वाइस चेयरमैन कैप्टन शक्ति चंद, कर्नल कुलदीप सिंह, कर्नल धमेंद्र पटियाल, कर्नल जसवाल, कैप्टन जेएस मिन्हास, केसी शर्मा, दौलत राम, कश्मीर सिंह, देशराज, अमरीक सिंह, रत्न सिंह, गुरदयाल सिंह, सरदारी लाल, प्रेम सिंह, एसपी शर्मा, डा. बलदेव डोगरा, राजेंद्र कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
