पूर्व छात्र नेता ने छात्रा से की छेड़छाड़

नई दिल्ली। लाल दुर्ग के नाम से मशहूर जेएनयू पर एक और काला धब्बा लगा है। 31 जुलाई को जानलेवा हमले का शिकार हुई छात्रा रोशनी की अभी सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी भी नहीं हुई कि रविवार की रात एक और छात्रा से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता ने छात्रा से छेड़छाड़ और पिटाई की। वसंत कुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त बीएस जायसवाल ने बताया कि आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि वह रोशनी पर जानलेवा हमला कर खुदकुशी करने वाले आकाश का रूम पाटर्नर रह चुका है। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात करीब सात बजे की है। छात्रा बीए, लैंग्वेज (स्पेनिश) प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। आरोपी अभिनंदन वर्मा (24) भी जेएनयू से बीए (स्पेनिश) कर चुका है। वह एमए में रजिस्ट्रेशन कराने की तैयारी कर रहा था। सीनियर होने के नाते अभिनंदन छात्रा को कई महीने से जानता था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम वह छात्रा के हॉस्टल के पास गया और फोन कर उसे बाहर बुलाया। बाहर आने पर आरोपी ने कुछ बात की फिर उससे छेड़छाड़ करने लगा। उसने कुछ अपशब्द भी कहे। छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने छात्रा को थप्पड़ मार दिए। उसके बाद पीड़िता ने 100 नंबर पर कॉल करके शोर मचा दिया। अन्य छात्रों ने आरोपी को पकड़ लिया और मौके पर पहुंची वसंत कुंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

Related posts