पूर्वी निगम के पांच स्कूली बच्चे बीमार

नई दिल्ली। सभापुर गांव स्थित पूर्वी नगर निगम के एक स्कूल के पांच बच्चों के बीमार होने का मामला सामने आया है। उनके बीमार होने के कारणों की स्थिति स्पष्ट नहीं है क्योंकि सभी स्कूल लौटने के करीब पांच घंटे बाद अस्पताल में भर्ती हुए। इन बच्चों ने दोपहर में मिड डे मील खाया था। निगम ने जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है। वहीं डॉक्टरों की रिपोर्ट आने से पहले ही शिक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को प्रधानाचार्य एवं निरीक्षक का तबादला कर दिया।
सभापुर स्थित नगर निगम के स्कूल में 1400 बच्चे पढ़ते हैं। बुधवार को करीब एक हजार बच्चे आए थे। इन्होंने दोपहर में निगम की ओर से उपलब्ध मिड डे मील खाया था। छुट्टी होने के करीब पांच घंटे बाद शाम छह बजे बच्चों को दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घबराहट की वजह से बच्चों को भर्ती कराया गया है। उन्हें उल्टी जैसी कोई दिक्कत नहीं है। उनके खून की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद खुलासा होगा कि बच्चे कैसे बीमार हुए। वहीं बृहस्पतिवार को स्थाई समिति की बैठक में विपक्ष की नेता वरियाम कौर ने इस मुद्दे पर हंगामा किया। इस दौरान भाजपा पार्षद महक सिंह एवं उनमें नोकझोंक भी हुई।

Related posts