
नई दिल्ली। अगले पांच दिनों तक पूर्वी दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओें को और बिजली संकट झेलना पड़ेगा। क्योंकि नोएडा में खराब हुई लाइन को जोड़ने का काम अभी शुरू नहीं किया जा सका है। उम्मीद है कि आठ जुलाई तक बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगा। मरम्मत कार्य उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को करना है, क्योंकि लाइन नोएडा में टूटी है। दिल्ली सरकार के प्रधान सचिव (ऊर्जा) शक्ति सिन्हा ने बताया कि, बदरपुर से नोएडा होते हुए गाजीपुर जाने वाली लाइन को आठ जुलाई तक ठीक कर लिया जाएगा। टूटी लाइन को जोड़ने के लिए उपकरण मंगवा लिया गया है और जल्द काम भी शुरू होगा। उम्मीद है कि, आठ जुलाई से बदरपुर-गाजीपुर लाइन काम करना शुरू कर दे। लाइन जुड़ने से पूर्वी दिल्ली में 15 दिनों से चली आ रही बिजली समस्या का समाधान हो सकेगा।
