
बंगाणा (ऊना)। बंगाणा क्षेत्र में बीएसएनएल की मोबाइल सेवाओं का प्रयोग करने वाले उपभोक्ता पिछले काफी दिनों से परेशान हैं। हालत यह है कि निगम की लचर सेवाओं के कारण लगभग हर दिन उपभोक्ता मुसीबतों से घिरे रहते हैं। ऐसा कोई दिन नहीं होगा, जब मोबाइलों से बीएसएनएल का सिग्नल न उड़ता हो। उपभोक्ताओं में पंकज शर्मा, शशि डोगरा, ज्योति, किरण कुमारी, रमेश चंद, लता कुमारी, कमल देव, सपना, ममता, अजीत कुमार, अमित कुमार, सोम ठाकुर, रणवीर, अरविंद कुमार, राम कुमार, डा. रणजीत सिंह तथा मनोज शर्मा ने बताया कि पिछले कई दिनों से बंगाणा क्षेत्र मे बीएसएनएल की मोबाइल सेवा ठप पड़ी हुई है। सारा-सारा दिन क्षेत्र के उपभोक्ताओं के मोबाइल सेटों से बीएसएनएल का सिग्नल गायब रहता है। लोग बीएसएनएल की लुभावनी स्कीमों के चक्कर में फंसकर कनेक्शन तो ले लेते हैं, लेकिन बाद में उन्हें बीएसएनएल की हकीकत का पता चलता है, जब कई-कई दिनों तक बीएसएनएल का सिग्नल गायब रहता है। लोगों का कहना है कि सारा-सारा दिन बीएसएनएल की मोबाइल सेवा ठप पड़ी रहती है, जिससे बीएसएनएल उपभोक्ताओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बीएसएनएल के एसडीओ अनुज चक्रवर्ती ने बताया कि बंगाणा क्षेत्र में पड़ने वाले मोबाइल टावर पिपलू के सिस्टम में कुछ गड़बड़ी आ गई है। लगातार बारिश के चलते कार्य करने में दिक्कत आ रही है। जल्दी ही बीएसएनएल उपभोक्ताओं को सिग्नल के बार-बार गायब होने से निजात दिलाई जाएगी।
