
नए साल में अगर आप दिल्ली में आशियाने की चाहत रख रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) 2014 हाउसिंग स्कीम लेकर आ रहा है।
इस योजना के तहत सभी वर्ग के लिए फ्लैट्स होंगे। इसमे 1 बीएचके फ्लैट से लेकर 3 बीएचके वाले फ्लैट शामिल हैं। यानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में एलआईजी, एमआईजी और एचआईजी श्रेणी के फ्लैट्स होंगे।
तीन साल के इंतजार के बाद डीडीए एक बार फिर हाउसिंग स्कीम 2014 लांच करने की तैयारी में है। लिहाजा लंबे इंतजार के बाद दिल्ली में आशियाने का सपना एक बार फिर सच होने वाला है।
डीडीए अधिकारियों के अनुसार दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग के पास स्वीकृति के लिए फाइल भेजी गई है, स्वीकृति मिलने के साथ ही औपचारिक घोषणा की जाएगी। उम्मीद है कि चुनाव को देखते हुए लागू होने वाले आचार संहिता के पहले यानी फरवरी महीने में घोषणा कर दी जाए।
डीडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार हाउसिंग स्कीम लांच करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही ब्रोशर लोगों को उपलब्ध किया जाएगा। सुविधा के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जा सकेगा। इस स्कीम में पूरे देश के लोग शामिल हो सकते हैं। हाउसिंग स्कीम में शामिल सभी फ्लैट्स फ्री होल्ड श्रेणी के होंगे।
लिहाजा आपको लीज होल्ड से फ्री होल्ड कराने के चक्कर में नहीं उलझना होगा। इनमें ज्यादातर फ्लैट्स रोहिणी, द्वारका, जसोला, नरेला आदि इलाकों में होंगे। एचआईजी व एमआईजी श्रेणी वाले ज्यादातर फ्लैट्स जिसमें मल्टीस्टोरी फ्लैट्स शामिल हैं, आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। मल्टीस्टोरी फ्लैट्स में लिफ्ट की सुविधा, पार्किंग व्यवस्था, हरियाली बिखेरने के लिए पार्क भी होगा।
60-70 प्रतिशत फ्लैट्स तैयार
प्री-फैब तकनीक से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 30 हजार एलआईजी फ्लैट्स तैयार किए जा रहे हैं। इनमें 60-70 प्रतिशत तक फ्लैट्स बनकर तैयार है। वहीं एमआईजी व एचआईजी फ्लैट्स ग्रीन बिल्डिंग के तर्ज पर तैयार हो रहे हैं।
डीडीए अधिकारिक सूत्रों के अनुसार द्वारका और रोहिणी के विभिन्न सेक्टरों में एलआईजी फ्लैट्स के साथ ही एमआईजी फ्लैट्स बनाए हैं।
नरेला और द्वारका इलाके में एचआईजी फ्लैट्स यानी 3 बीएचके फ्लैट्स का निर्माण किया गया है। इन इलाके में करीब 11500 एमआईजी और दो हजार से अधिक एचआईजी फ्लैट्स तैयार हो रहे हैं। 2013 में डीडीए ने मकान और दुकान के निर्माण पर 1,27,655 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा गया था।
पिछली योजना वाले फ्लैट्स अभी तक नहीं मिले
डीडीए ने नई हाउसिंग स्कीम की घोषणा तो कर दी है। लेकिन 2010 हाउसिंग स्कीम के तहत मिलने वाले फ्लैट्स भी अभी तक नहीं मिल पाए हैं। इतना ही नहीं हजारों लोगों को फ्लैट्स का पजेशन तो मिल गया, लेकिन वहां बिजली, पानी की सुविधा नहीं होने से इलाका वीरान है। ऐसे में अब बड़ा सवाल खड़ा होता है कि क्या 2014 में लोगों के आशियाने का सपना सच होगा।
