पुल तो बनाया पर रास्ता कौन बनाएगा

होली चंबा। ग्राम पंचायत बजोल के खरूटू, बिंदी, खनार, गरोंदा, धारड़ी गांवों और बड़ा भंगाल को जोड़ने के लिए वन विभाग ने गरेगु नाला पर पुल का निर्माण तो कर दिया, लेकिन पुल के आर पार रास्ते का निर्माण नहीं किया गया। ऐसे में लोगों को पुल पार करने में दिक्कतें पेश आ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वन विभाग की ओर से बड़ा भंगाल को जोड़ने के लिए लगभग एक साल पहले गरेगु नाला पर पुल का निर्माण किया गया, लेकिन पुल के दोनो और आने-जाने के लिए रास्ते का निर्माण नहीं किया गया है। इसके चलते लोगों को अस्थायी तौर पर बनाई गई तरंगड़ी से होकर गरेगु नाला जाना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत प्रधान सीमा देवी, उपप्रधान रणजीत कुमार, धनी राम, राज कुमार, सोहन लाल, राजीव कुमार, विक्रांत और राकेश ने बताया कि तरंगड़ी की हालत काफी खराब हो चुकी है। लकड़ी की बनी तरंगड़ी सड़ चुकी है इस कारण हादसे का अंदेशा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि पुल के दोनो ओर रास्ते का निर्माण किया जाए। वन विभाग के रेंजर मखोली राम ने बताया कि बजट की कमी के कारण रास्ते का निर्माण नहीं हो पाया था। अब बजट का प्रावधान हो चुका है और जल्द ही समास्या हल हो जाएगी।

Related posts