पुल टूटने से थानाकलां-भाखड़ा मार्ग अवरुद्ध

थानाकलां (ऊना)। क्षेत्र में चार दिन से हो रही भारी बारिश से थानाकलां-भाखड़ा मार्ग पर बना पुल टूट गया है। पुल के टूटने से सैकड़ों लोगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग ने सरकारी एवं निजी वाहनों को पुल पार करने पर बुधवार शाम ही पाबंदी लगा दी थी। वीरवार को दोपहिया वाहनों एवं छोटे वाहनों के आने जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। अब थानाकलां से भाखड़ा तक के गांवों के लिए आने जाने वाले लोग पैदल ही सफर कर रहे हैं। लोनिवि के कर्मचारी सुबह से ही कार्यस्थल पर पुल को तोड़कर दोबारा बनाने के प्रयास में हैं। भारी बारिश से थानाकलां मार्ग पर एक अन्य बड़े पुल के टूटने का खतरा भी बना हुआ है। अगर इसी तरह बारिश का सिलसिला जारी रहा तो यह बड़ा पुल टूट सकता है एवं लोक निर्माण विभाग मुश्किल में पड़ सकता है। विभागीय सूत्रों के अनुसार एक या दो दिन में छोटे वाहनों के चलने के योग्य मार्ग बहाल कर दिया जाएगा, लेकिन बड़े वाहनों के चलने योग्य मार्ग को बनाने के लिए एक सप्ताह का समय लग सकता है। इस संबंध में विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार का कहना है कि घटनास्थल पर विभागीय कर्मचारी युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। शीघ्र पुल को तोड़कर नए पुल का निर्माण कर लिया जाएगा। कल तक छोटे वाहनों के चलने योग्य मार्ग बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts