
सोलन। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा राजीव सहजल ने सोलन पुलिस पर संगीन आरोप जड़े हैं। उनके अनुसार पुलिस सरकार की कठपुतली बनकर काम कर रही है। कैलाश हत्याकांड को लेकर होने वाले प्रदर्शन के बाद वे रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एसएचओ सोलन पर रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों को धमकाने के आरोप जड़े हैं।
उन्होंने कहा कि मृतक कैलाश भाजपा युवा मोर्चा का पूर्व सचिव था। उसने हत्या से पहले झगडे़ की सूचना पुलिस को दी थी। वहीं पुलिस लापरवाही बरतते हुए घटना स्थल में देरी से पहुंची है। यदि पुलिस समय पर एक्शन लेती तो कैलाश ठाकुर की जान बच सकती थी। वहीं उन्होंने पुलिस प्रशासन पर कातिलों के मेडिकल करवाने में की गई देरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि पुलिस अगर शहर में कानून व्यवस्था पटरी पर नहीं लाती है तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी। वहीं ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है जो अपना कार्य समय पर नहीं कर रहे हैं।
