
रुद्रपुर। पुलिस दबिश के खिलाफ क्षेत्रीय विधायक समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसएसपी दफ्तर पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर कांग्रेस सरकार के दबाव में आकर मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी।
गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ता विधायक राजकुमार ठुकराल और किच्छा विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में एसएसपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि कांग्रेसियों ने सत्ता में होने का फायदा उठाते हुए रामकुमार गुप्ता का फर्जी मेडिकल बनवाकर विधायक के भाई संजय ठुकराल, बब्बू विर्क, बॉबी टुटेजा और रोहित खुराना के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। यह भी आरोप लगाया कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ के पुत्र सौरभ बेहड़ व पथराव करने वाले विरमा कोली ने भी अस्पताल में फर्जी मेडिकल बनाकर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ तहरीर दी है। इसके बाद से पुलिस विधायक के भाई के घर और अन्य ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है, जिसे भाजपाई नहीं सहेंगे। उन्होंने दर्ज मुकदमे निरस्त करने और मामले की निष्पक्ष जांच न होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी। धरना देने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश परिहार, पूर्व चेयरमैन सुभाष चतुर्वेदी, भाजपा शहर अध्यक्ष सत्यप्रकाश चौहान, यशपाल घई, पार्षद महेंद्र आर्या, पूर्व सभासद दिलीप अधिकारी, रामबाबू, तरुण दत्ता, वेद ठुकराल, अनुज पाठक, धीरेंद्र बिष्ट, चंद्रसेन चंदा, सतनाम सिंह, किशन ठुकराल आदि थे।
