
सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर सलाह में रात करीब नौ बजे सुंदरनगर पुलिस की जीप की टक्कर में एसबीआई के पूर्व मुख्य सुरक्षा कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे गुस्साए लोगों की पुलिस कर्मियों के साथ झड़प भी हुई। इससे पहले की झड़प आगे बढ़ती डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पुलिस चालक के खिलाफ मामला दर्जकर निष्पक्षता से जांच करवाने का भरोसा दिया। इसके बाद लोग शांत हो गए। शुक्रवार रात करीब नौ बजे भारतीय स्टेट बैंक की चतरोखड़ी शाखा से बतौर मुख्य सुरक्षा कर्मी सेवानिवृत्त हुए लेखराम सैर करने के बाद अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सुंदरनगर थाने की जीप गश्त के बाद तेज रफ्तार के साथ सुंदरनगर से ललित चौक की ओर आ रही थी। जैसे ही वह एसबीआई बैंक के पास पहुंची जीप ने उसे टक्कर मार दी। लेखराम को अस्पताल लाया गया। सीटी स्कैन करवाने के कुछ समय बाद ही उसने दम तोड़ दिया। एसडीएम एचएस राणा ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को फौरी सहायता के रूप में दस हजार की राशि प्रदान की है। डीएसपी अमित कुमार ने बताया पुलिस ने जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
