
ऊना/थानाकलां। जिला के दो अलग स्थानों पर हुई वारदातों को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे दो आरोपियों की धर पकड़ के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। जिला मुख्यालय के टक्का रोड स्थित घर में घुसकर महिला को रॉड से घायल करने के बाद लूटने के आरोप में पुलिस ने बुधवार देर रात एक आरोपी को हिरासत में ले लिया था लेकिन दूसरा आरोपी बलविंद्र सिंह निवासी जीरकपुर पंजाब अभी तक फरार ही चल रहा है। उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को चंडीगढ़ स्थित पंजाब के अन्य स्थानों पर भेज दिया गया है। जबकि पकड़े गए आरोपी युवक सुरेंद्र राणा को पुलिस ने 16 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर ले रखा है।
दूसरे मामले में बंगाणा के चराड़ा में वीरवार को चरस तस्करी की वारदात को अंजाम देने का एक आरोपी भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। उक्त आरोपी खुद भी पुलिस जवान है जिसकी धरपकड़ के लिए व्यापक अभियान छेड़ दिया गया है। इसी मामले में हिरासत में लिए गए दूसरे आरोपी राकेश कुमार पुत्र हरनाम सिंह निवासी कोलपुर तहसील रक्कड़ जिला कांगड़ा को अदालत ने पुलिस रिमांड में भेज दिया है।
एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि दोनों फरार आरोपियों को जल्द दबोच लिया जाएगा। आरोपी अधिक दिनों तक पुलिस को चकमा नहीं दे पाएंगे।
