पुलिस के मुक्के से एक और मौत

नई दिल्ली। रोहिणी इलाके में एक बुजुर्ग की पुलिस की पिटाई से मौत हो गई। बुजुर्ग के बेटे का आरोप है कि पार्क में रामलीला का टेंट लगाने के एवज में पुलिसकर्मी रिश्वत मांगने आए थे। जिसका विरोध करने पर पुलिस ने उनकी पिटाई की। बाद में उनकी अस्पताल में मौत हो गई। बुजुर्ग रोहिणी सेक्टर तीन रामलीला कमेटी के सदस्य थे। हालांकि पुलिस ने आरोप को निराधार बताया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कह रही है।
जानकारी के मुताबिक डॉक्टर इकबाल सिंह(67) सपरिवार रोहिणी सेक्टर तीन इलाके में रहते थे। वह सेक्टर तीन रोहिणी रामलीला कमेटी के सदस्य थे। रविवार दोपहर भूमि पूजन को लेकर रामलीला कमेटी पार्क में टेंट लगवा रही थी। इकबाल सिंह के बेटे विमल के मुताबिक देर रात तीन पुलिसकर्मी पार्क में पहुंचे और मजदूरों को टेंट लगाने से मना किया। उनलोगों ने एक लाख रिश्वत मिलने के बाद ही काम चालू करने की धमकी दी। इस बात की जानकारी मिलने के बाद इकबाल सिंह पार्क में पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बताया कि पार्क में टेंट लगाने की अनुमति डीडीए और पुलिस से मिल चुकी है। विमल का आरोप है कि इसी बात पर पुलिसकर्मियों ने इकबाल सिंह के मुंह पर घूंसा मार दिया। घुंसा लगते ही इकबाल सिंह नीचे गिरकर अचेत हो गए। विमल सहित अन्य लोगों ने उन्हें उपचार के लिए जयपुर गोल्डन अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारपीट का आरोप निराधार है। जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने मामले की जांच की है। उनके मुताबिक इकबाल सिंह का घर पर मुंह से खून निकला और परिवार वाले उन्हें उपचार के लिए ले गए। उनके शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। सोमवार को डॉक्टरों के पैनल से इकबाल का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Related posts