
मौलेखाल। प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी ने पुलिस की मदद से प्राथमिक पाठशाला विरलगांव के भवन में जड़े ताले को खुलवा दिया है। निवर्तमान प्रधान रामदत्त शर्मा विद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर नाराज चल रहा था। जिस कारण उसने 19 दिसंबर की सुबह विद्यालय भवन में तालाबंदी कर दी। इससे मध्याह्न भोजन और शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था।
विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर प्राथमिक विद्यालय विरलगांव के भवन में जबरन लगाए ताला खुलवाने और निवर्तमान प्रधान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। रविवार को थानाध्यक्ष रोहताष सिंह सागर को लेकर प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी गुरु प्रसाद ने विद्यालय भवन के ताले खुलवा दिए। इससे पूर्व पुलिस निवर्तमान प्रधान से बात कर ताले की चाबी साथ ले आई थी।
प्रबंधन समिति के सदस्यों ने पूर्व प्रधान राम दत्त शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष श्याम दत्त, प्रेम चंद्र, किशन सिंह, जगत प्रकाश, पुष्पा टनवाल, पुष्पा देवी, मंजू देवी, उमेश कांडपाल, विमला देवी, हीरा सिंह, प्रताप सिंह, जगदीश चंद्र आदि मौजूद थे।
