पुलिस की मदद का इंतजार करते रहे वन कर्मी

हरोली/पंजावर (ऊना)(विवेक त्रिपाठी)जिले में वन काटू बेखौफ जंगलों का कटान कर रहे हैं। कई रसूखदार इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे हैं। वन विभाग के अनुसार हर रोज ही अवैध लकड़ी से भरी गाड़ियां पकड़ी जा रही हैं। वीरवार रात को भी वन विभाग की ओर से हरोली क्षेत्र में अवैध लकड़ी से भरे ट्रक को पकड़ा गया। यह ट्रक तीसरी बार अवैध लकड़ी की तस्करी में संलिप्त पाया गया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हरोली में लकड़ी से भरे ट्रक की सुरक्षा के लिए तैनात वन विभाग की टीम रात भर पुलिस से मदद की गुहार लगाती रही। पुलिस ने भी महज खानापूर्ति करते हुए एक होमगार्ड जवान को कुछ देर के लिए भेजने के बाद वापस बुला लिया। वहीं विभाग के कर्मचारी रात भर वन काटुओं के खौफ के साये में रात बीताने को विवश हुए। शुक्रवार देर दोपहर जब ट्रक को वन विभाग के गोदाम में भेजा गया, तब जाकर वन विभाग के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
इस संबंध में वन खंड अधिकारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि वन काटुओं ने वन रक्षकों को रात भर फोन पर तबादला करवाने एवं देख लेने की धमकियां दीं। वन कर्मचारियों के अनुसार सरकार की सेवा करने के बावजूद उन्हें अब असुरक्षा महसूस हो रही है। वहीं इस संबंध में डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि वन कर्मचारियों के कहने पर पुलिस कर्मचारी मौके पर भेजे गए थे।

Related posts