
अंब (ऊना)। उपमंडल के कुनेरन में कलियुगी पुत्र ने अपने ही माता-पिता को बुरी तरह से पीट डाला। आरोपी अपनी पत्नी को पीट रहा था, जबकि बहू को बचाने आए अपने ही माता-पिता को भी आरोपी ने नहीं बख्शा। आरोपी के उत्पात से तंग आकर परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी और बचाव करने की गुहार लगाई। पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुनेरन निवासी एक व्यक्ति रोजमर्रा अपनी पत्नी के साथ लड़ाई झगड़ा करता था। शुक्रवार शाम भी उसने घर पहुंच कर ऐसा ही कुछ किया। पत्नी के विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया और उसने उसे बुरी तरह पीट डाला। बहू को बेटे के हाथों पिटते देख आरोपी के माता-पिता उसे बचाने आ गए और उन्हें भी आरोपी के कोप का भाजन बनना पड़ा। जिसके चलते उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। फिर भी आरोपी का हुड़दंग नहीं रुका। पुलिस ने उसे हुड़दंग मचाने और माता-पिता और पत्नी को पीटने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि पिता की शिकायत पर कुनेरन निवासी व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
