
कुल्लू। छात्र संघ चुनाव को लेकर कुल्लू कालेज में माहौल गरमाने लगा है। सोमवार को कुल्लू कालेज रोड पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाने को लेकर खूब बवाल मचा रहा। इस बीच पुलिस के जवान भी मौजूद थे। एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ताओं के पुलता जलाने के बाद माहौल काफी गरम हो गया। दोनों छात्र संगठनों के गुत्थमगुत्था होने की भी नौबत आई गई थी लेकिन पुलिस जवानों ने मामला शांत कर दिया। कालेज रोड पर एसएफआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार कुल्लू कालेज गेट पर एबीवीपी के छात्रों का पुतला जलाने का कार्यक्रम था। इसे पुलिस और एनएसयूआई के छात्रों ने रोक दिया है। इसे लेकर एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ता, एनएसयूआई और पुलिस प्रशासन से बातचीत कर रहे थे। इसी बीच एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ताओं ने कालेज रोड पर जाकर पुतला जला डाला। इससे कालेज में माहौल तनाव पूर्ण हो गया। इस दौरान दोनों छात्र संगठनों ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष रोहित महाजन ने कहा कि एबीवीपी मुख्यमंत्री का पुतला नहीं जला पाई है। महज गत्ते का एक खाली डिब्बा जलाया गया है। वहीं कुल्लू कालेज रोड पर एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने प्राध्यापक के तबादले के विरोध में प्रदर्शन भी किया। कुल्लू सदर थाना के एसएचओ फिरोज खान ने मौके पर पहुंचकर माहौल को शांत करवाया। एसएचओ फिरोज खान ने बताया कि पुलिस ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं से पुतला कब्जे में ले लिया था।
