
कोकसर (कुल्लू)। चंद्रावैली की गौंधला और खंगसर पंचायत के 18 गांवों के हजारों लोग संपर्क रास्तों के बंद होने के कारण परेशानियां झेल रहे हैं। जानकारी के अनुसार एक क्षेत्र के मात्र गौंधला स्वास्थ्य केंद्र को जाने वाले दो संपर्क अभी तक बंद पड़े हैं। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गौंधला पंचायत के प्रधान सूरज कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र को जाने वाले दोनों मार्ग बंद होने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। 18 गांवों में यदि कोई व्यक्ति बीमार पड़ जाए तो उसे पीठ पर उठाकर स्वास्थ्य केंद्र ले जाना पड़ता है। लौहाल पंचायत समिति अध्यक्ष संजीव कुमार, खंगसर पंचायत के उप प्रधान राकेश गौत्तम, राजेश कुमार, सतीश कुमार, सुनील और मंगल चंद आदि के अनुसार दोनों संपर्क मार्गों के बंद होने के कारण 18 गांवों के लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ये मार्ग आम तौर पर अप्रैल माह के शुरू में ही खुल जाते थे, लेकिन इस बार अभी तक मार्ग खोलने का कार्य भी आरंभ नहीं हुआ है। उन्होंने विभाग से मार्गों को शीघ्र खोलने की मांग की है। जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़े। वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के गौंधला में तैनात अधीक्षण अभियंता नरेश ठाकुर ने बताया कि विभाग ने मशीनरी पहुंचा दी है और शीघ्र ही सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
