
हमीरपुर। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पीटीए पर तैनात प्रवक्ताओं को बीएड डिग्री हासिल करने की तिथि से ग्रांट इन एड जारी होगी। इसी क्रम में डिग्री हासिल करने वाले अन्य प्रवक्ताओं को भी ग्रांट इन एड जारी होती जाएगी। शिक्षा विभाग ने समस्त डीडीओ को निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग के इस निर्णय से स्कूलों में कार्यरत सैकड़ों प्रवक्ता लाभान्वित होंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी ईडीएन-एच (19) बी (1)-1- 2012- पीटीए/जनरल. कॉरेस पत्र में ये आदेश दिए गए हैं।
सरकार ने दिसंबर 2010 में पीटीए पर कार्यरत नान बीएड प्रवक्ताओं तथा योग्यता पूरी न करने वाले प्रवक्ताओं को ग्रांट इन एड जारी करने पर रोक लगा दी थी। इससे सीधे तौर पर सैकड़ों प्रवक्ता प्रभावित हुए थे। तत्पश्चात, काफी संख्या में पीटीए पर कार्यरत प्रवक्ताओं ने बीएड की डिग्री हासिल कर ली, लेकिन मांग के बावजूद ग्रांट जारी नहीं हो रही थी। शिक्षा विभाग ने मसले को पुन: सरकार के समक्ष उठाया। पिछले सप्ताह ही विभाग को ग्रांट इन एड जारी करने के आदेश मिले हैं। इसके तहत दिसंबर 2012 के पश्चात बीएड की डिग्री हासिल करने वाले प्रवक्ताओं को डिग्री पूरी करने की तिथि के बाद से ही ग्रांट जारी की जाएगी। साथ ही भविष्य में शैक्षणिक योग्यता, बीएड डिग्री हासिल करने वाले प्रवक्ताओं को पात्रता हासिल करने के पश्चात ग्रांट जारी होती जाएगी। सरकार के आदेशों के बावजूद दिसंबर 2012 के पश्चात नान बीएड प्रवक्ता को ग्रांट जारी की गई होगी तो संबंधित डीडीओ से राशि की रिकवरी की जाएगी तथा कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशक डा. दिनकर बुराथोकी ने ग्रांट जारी होने की पुष्टि की है।
