पीछा करने पर सिपाही को मारी गोली, दो धरे

नई दिल्ली। रोहिणी इलाके में सोमवार तड़के गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों पर एक बदमाश ने गोली चला दी। छर्रा लगने से घायल सिपाही ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस एक अन्य आरोपी को भी पकड़ लिया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि केएन काटजू थाने में तैनात सिपाही मंजीत और माजिद सोमवार तड़के रोहिणी सेक्टर-16 में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मंजीत ने तीन युवकों को संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा। उसने रुकने को कहा तो तीनों भागने लगे। दोनों सिपाहियों ने उनका पीछा करना शुरू किया। इसी दौरान एक बदमाश ने सिपाहियों पर गोली चला दी। घायल मंजीत ने पीछा कर बवाना जेजे कॉलोनी निवासी आरोपी मोहम्मद इस्लाम को दबोच लिया। बाद में पुलिस ने एक अन्य आरोपी अली को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि तीनों सेंधमारी के इरादे से घूम रहे थे।

Related posts