पीएम को सुरक्षा नहीं दे सकता जो, वो पंजाब को क्या सुरक्षा देगा : गृहमंत्री अमित शाह

पीएम को सुरक्षा नहीं दे सकता जो, वो पंजाब को क्या सुरक्षा देगा : गृहमंत्री अमित शाह

चंडीगढ़
लुधियाना के ऐतिहासिक दरेसी मैदान में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने सीएम चरणजीत चन्नी पर निशाना साधा।
लुधियाना में रैली को संबोधित करते अमित शाह।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को पंजाब में प्रचार के लिए पहुंचे। लुधियाना के ऐतिहासिक दरेसी मैदान में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने सीएम चरणजीत चन्नी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चन्नी साहब पंजाब में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं। एक मुख्यमंत्री जो भारत के प्रधानमंत्री को सुरक्षित मार्ग नहीं दे सकता, क्या वह पंजाब को सुरक्षा प्रदान कर सकता है? चन्नी जी आपको एक सेकंड भी यहां पर शासन करने का अधिकार नहीं है। चन्नी के नेतृत्व में पंजाब सुरक्षित रह सकता है क्या? केजरीवाल साहब जो सिर्फ वोटों की राजनीति करते हैं उनका सुरक्षा से कोई लेनादेना नहीं है।

शाह ने कहा कि पंजाब में धर्म परिवर्तन बहुत बड़ी समस्या है। चन्नी साहब धर्म परिवर्तन को नहीं रोक सकते, केजरीवाल जी की पार्टी का कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री बने तो वो भी धर्म परिवर्तन नहीं रोक सकता। भाजपा सरकार आई तो धर्म परिवर्तन कराने वाले पंजाब के बाहर दिखाई देंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा पंजाब की संस्कृति को सम्मान दिया है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में गुरु गोबिंद सिंह जी की 350वीं जयंती धूमधाम से मनाई। 120 करोड़ रुपये की लागत से करतारपुर साहिब कॉरिडोर का काम पूरा कराके श्रद्धालुओं को वहां जाने की सुविधा दी। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमने ड्रग्स के खिलाफ एक बहुत बड़ा अभियान चलाया है। भारत सरकार ने 2020 और 2021 में इतनी ड्रग्स पकड़ी गई है, जितनी 10 साल में भी नहीं पकड़ी गई। पंजाब में ऐसी सरकार चाहिए जो ड्रग्स को पकड़ने में मोदी सरकार को सहयोग करे। पंजाब के हर घर का बेटा सैन्य सेवाओं में है। जवानों की 40 साल से वन रैंक-वन पेंशन की मांग थी लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे का समाधान नहीं निकाला। मोदी सरकार ने वन रैंक-वन पेंशन लागू किया।

इस दौरान अमित शाह ने वादा किया कि पंजाब में सरकार बनने पर हम राज्य के चार शहरों में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो शाखा कार्यालय स्थापित करेंगे। नशीली दवाओं की रोकथाम के लिए, हम राज्य के हर जिले में एक टास्क फोर्स बनाएंगे।
25 मिनट के संबोधन में चन्नी और केजरीवाल रहे निशाने पर
रैली स्थल पर पहुंचने के बाद सबसे पहले अमित शाह गठबंधन के सभी उम्मीदवारों से मिले और उसके बाद मैदान में मौजूद वर्करों का अभिनंदन किया। सभी से मिलने के पांच मिनट बाद ही अमित शाह रैली को संबोधित करने के लिए उठ गए। अमित शाह ने 25 मिनट तक भाषण दिया और 25 मिनट के भाषण में उनके निशाने पर जहां पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल रहे। नशे और सुरक्षा के मुद्दे पर जहां चन्नी निशाने पर रहे वहीं अमित शाह ने कह डाला कि अगर अरविंद केजरीवाल का व्यक्ति जीता तो पंजाब में आतंकवादी फिर से लौट आएंगे जो देश से बाहर है।

अमित शाह ने जैसे ही भाषण शुरु किया तो उन्होंने नशे के मुद्दे पर पंजाब सरकार को सबसे पहले घेरा। उन्होंने कहा कि नशा खत्म होने के बजाय पंजाब में ओर भी ज्यादा बढ़ गया है। पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू का नाम लिए बगैर ही उन्होंने तंज कसा कि यह कोई कॉमेडी शो नहीं चल रहा बल्कि पंजाब संभालने की बात है। जो भाजपा के अलावा कोई सही ढंग से नहीं संभाल सकता। अमित शाह बार बार सामने बैठे लोगों से पूछते रहे कि चन्नी जैसा सीएम पंजाब को चाहिए या नहीं चाहिए। जिस पर जवाब जनता देती थी।

इसके अलावा अमित शाह ने ओर भी कई सवाल लोगों से पूछे। आप सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बारे में अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल दावा करते हैं कि पंजाब में अगर आप की सरकार आई तो नशा खत्म करेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में जगह जगह शराब के ठेके खुलवाने वाला व्यक्ति पंजाब को नशा मुक्त बनाने की बात करता है। उन्होंने सीधे सीधे कहा कि अगर आप की सरकार पंजाब में आई तो पंजाब में आतंकवादी दोबारा लौट आएंगे। उन्होंने कहा कि आप की सरकार तो पंजाब के लिए ओर भी खतरा बन सकती है। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में गठबंधन की सरकार बनेगी तो विकास तेजी से होगा और नए नए प्रोजेक्ट तो आएगी साथ ही इंडस्ट्री वापिस आएगी।

Related posts