
धौलाकुआं (सिरमौर)। क्षेत्र में स्थित एक निजी इकाई की ओर से कामगारों को वेतन भुगतान नहीं किए जाने पर श्रम विभाग ने इकाई प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया है। श्रम विभाग ने इस मामले में इकाई के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। धौलाकुआं स्थित इस निजी इकाई ने अपने छह दर्जन कामगारों को दो माह से वेतन नहीं दिया था। बाद में इन कामगारों ने प्रबंधन द्वारा पीएफ का पैसा नहीं दिए जाने तथा इंक्रीमेंट नहीं दिए जाने पर श्रम विभाग से न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी।
उधर, श्रमिकों ने इकाई प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि बिना वजह उन्हें तंग किया जाता रहा है। इकाई को बंद करने की भी धमकी प्रबंधन की ओर से दी जाती रही है। श्रमिकों का कहना है कि वह एक दशक से इकाई में काम कर रहे हैं। मेहनत करके ओवरटाइम भी कर रहे हैं, लेकिन बावजूद इस सबके उन्हें पीएफ से वंचित रखा जा रहा है। कामगारों की शिकायत को निराधार बताते हुए इकाई के प्रबंधक नरेंद्र सिंह ने बताया कि श्रमिक स्वयं काम छोड़ कर बैठे हैं। कंपनी का कारोबार घाटे में चलने के बावजूद सभी श्रमिकों को समय पर भुगतान किया जाता रहा है। बाकी बचा भुगतान भी एक दो दिनों के भीतर कर दिया जाएगा। उधर, इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए श्रम निरीक्षक कमल सिंह ने बताया कि कामगारों की शिकायत पर निजी इकाई के खिलाफ चालान काट कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
