पीएचसी में तोड़-फोड़

भवारना (कांगड़ा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुलह में शुक्रवार रात शरारती तत्वों ने तोड़-फोड़ की है। भवन में लगी खिड़कियों के शीशे टूटे हैं और शराब की खाली बोतलें भी अस्पताल परिसर में ही फोड़ी हैं। पुलिस की टीम ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुलह में जाकर स्थिति का जायजा लिया है। शरारती तत्वों ने तीन-चार खिड़कियों के शीशे तोड़े हैं और शराब पीकर खाली बोतलें भी अस्पताल परिसर में ही तोड़ डाली हैं।
अस्पताल में तैनात डा. सुभाष शर्मा ने घटना की जानकारी शनिवार सुबह पंचायत प्रधान धनी राम चौधरी और उपप्रधान कमल शर्मा को दी। इसके बाद भवारना पुलिस को सूचित किया गया। भवारना पुलिस की टीम थाना प्रभारी राज कुमार के नेतृत्व में शनिवार को सुलह अस्पताल पहुंची। राजकुमार ने डा. सुभाष शर्मा, प्रधान धनी राम चौधरी तथा स्थानीय लोगों के साथ बातचीत की। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है और शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करेगी। फिलहाल, मामला दर्ज नहीं किया गया है। उधर, डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि उन्होंने उच्च अधिकारियों को इस बारे में अवगत करवा दिया है। रात को कौन शरारती तत्व अस्पताल परिसर में बैठतेे हैं, वह अपने स्तर पर भी जानकारी जुटाएंगे और कार्रवाई की जाएगी।

Related posts