पीएचसी भुट्टी को मिलेगा नया भवन

भल्याणी (कुल्लू)। स्वास्थ्य महकमे ने लगघाटी में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र को भवन की सौगात दे दी है। भवन निर्माण के लिए धनराशि मंजूर हो चुकी है। सात अगस्त को स्वयं स्वास्थ्य मंत्री इस भवन की आधारशिला रखने जा रहे हैं।
चार दशकों से एक ही छत के नीचे यहां इंसानों और जानवरों का इलाज हो रहा है। ऐसे में कई बार यहां उपचार के लिए आने वाला व्यक्ति उल्टा संक्रमित होकर लौटता था। अमर उजाला ने जुलाई माह में दो बार इस मुद्दे को उठाया था। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने जल्द ही राहत दिलाने का आश्वासन दिया था। अब खबरों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने महकमे से पीएचसी की दशा सुधारने के लिए सुझाव मांगे हैं। 7 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह पीएचसी भुट्टी के भवन निर्माण की आधारशिला रखेंगे।
जिले की लगघाटी में चार दशकों से एक ही छत के नीचे पशु औषधालय और पीएचसी का संचालन हो रहा है। स्वास्थ्य महकमे के नियमानुसार एक पीएचसी में छह बिस्तरों की व्यवस्था भी होनी चाहिए। लेकिन यहां एक भी बिस्तर की सुविधा नहीं थी। पीएचसी में महज कागजों में ही सुविधाएं मुहैया हो रही थीं। अमर उजाला में छपी खबर में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने घाटी के लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने का आश्वासन दिया था। अब भविष्य में लगघाटी के हजारों लोगों को उपचार हेतु घाटी के बाहर नहीं जाना पड़ेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बलदेव ठाकुर ने कहा कि सात अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह भुट्टी के धोचक में भवन निर्माण की आधारशिला रखेंगे।

Related posts