
लुधियाना: अगर घर से परिजनों की किसी बात पर गुस्सा कर उनके नौनिहाल चले जाएं तो उनको तलाशने की जिम्मेदारी भी पुलिस की है। यह एक पुलिस की मजबूरी है ताकि परिजनों की गलती से भागे बच्चों के साथ कोई हादसा न हो। दूसरी ओर मामूली डांट के बाद नौनिहाल इस कदर अपने परिजनों से खफा हो जाते हैं कि घर ही छोड़ देते हैं।
ऐसा ही एक मामला उस समय सामने आया जब 9 वर्षीय बालक पिता की डांट के डर से घर छोड़ कर भाग गया। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने सारा इलाका सील कर बालक को कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। ए.डी.सी.पी. भूपिंदर सिंह व ए.सी.पी. गुरजीत सिंह ने बताया कि यह घटना थाना डाबा के इलाके गुरपाल नगर की है। घर से भागे बच्चे का नाम प्रभजोत सिंह है।
इसके पिता मनप्रीत सिंह ने सायं पुलिस को सूचना दी थी कि उसका बेटा जब स्कूल से आया तो स्कूल में परीक्षा देने के बाद उन्होंने उसे परीक्षा के सवाल लिखने के लिए डांट दिया। उसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ दवा लेने चला गया। जब वह वापस आया तो उसका बेटा घर से गायब था। सूचना मिलने के बाद ए.डी.सी.पी. भूपिंदर सिंह, ए.सी.पी. गुरजीत सिंह की अगुवाई में मौके पर पहुंची पुलिस ने सारा इलाका सील कर दिया व इलाके का चप्पा-चप्पा खंगालना शुरू कर दिया।
रात को सारे इलाके की सर्च करने के बाद बालक बरामद हो गया। जिसके बाद उसके परिजनों को बुलाया गया तो पता चला कि आज बालक के स्कूल में यूनिट टैस्ट थे। जब वह अपने घर में आया तो उसके पिता ने उसका टैस्ट लेने के लिए उसे पूरा पेपर करने को कहा, जिससे बच्चा डर गया कि अगर वह पूरा पेपर नहीं कर पाया तो उसका पिता उससे मारपीट करेगा, इसी डर से वह घर से भाग गया। उन्होंने बताया कि परिजनों को नसीहत देने के बाद बच्चा उनके हवाले कर दिया गया है।
