पिच तक नहीं बनवा सकी सरकार : भाजपा

हमीरपुर। भाजपा सांस्कृतिक एवं कला प्रकोष्ठ की बैठक जिला कला एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष त्रिलोक चंद रांगड़ा की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय वीर कमल में हुई। इस दौरान प्रदेश संयोजक तुलसी राम डोगरा एवं प्रदेश सह संयोजक कै. प्रीतम सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में सभी मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।
तुलसी राम डोगरा ने कहा कि कला एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 10 नवंबर को सर्वहित सुधार सभा हमीरपुर में होगी। इसमें विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, राष्ट्रीय संयोजक डॉ. निथलेश कुमार त्रिपाठी सहित जिला भाजपा अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री भी विशेष रूप से उपस्थित होंगे। बैठक में प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सुनिश्चित कर दी गई है। इस दौरान कहा गया कि धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त क्रिकेट स्टेडियम सहित अन्य स्टेडियमों को रात के अंधेरे में छल-बल सहित अपने कब्जे में लेकर जो काम कांग्रेस सरकार ने किया है, उसकी जितने कड़े शब्दों में निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि 1975 आपातकाल की याद हिमाचल जैसे शांतिप्रिय प्रदेश में ताजा हो गई है। वीरभद्र सिंह सरकार अपने राजनीतिक सफर में बीस गज की क्रिकेट पिच नहीं बनवा सकी है। सांसद अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया है, उसे तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सोमराज शर्मा, राजेश दीक्षित, रमेश रांगड़ा, पंकज सोनी, कश्मीर सिंह, रितेश अगिभनहोत्री, रुचि धीमान, नीलम शर्मा, नीलम चंदेल तथा अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Related posts